अंबेडकरनगर। जिले के पांच तहसीलों में मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इनमें कुल 518 शिकायतें आई, जिसमें 53 शिकायतों का मौके पर ही निपटाया गया। डीएम राकेश कुमार मिश्र ने टांडा में समस्याओं की सुनवाई करने के साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के मद्देनजर संबंधित मार्गों पर यदि तार व खंभे दुरुस्त न हुए और सड़कों का गड्ढा जस का तस रहा तो संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई तय होगी। कांवड़ यात्रियों को कोई भी असुविधा नहीं होनी चाहिए।
डीएम ने समस्याओं की सुनवाई करते हुए कहा कि जो भी फरियादी आते हैं उनके प्रार्थन-पत्र पर पृष्ठांकित निर्देशों का भलीभांति कर्मचारियों को देखना चाहिए। समस्याओं का प्रभावी निस्तारण हो इस पर पूरा ध्यान दिया जाए। किसी भी मैामले का फौरी ढंग से निपटारा नहीं होना चाहिए।
कांवड़ यात्रा का जिक्र करते हुए नगर पालिका परिषदों, नगर पंचायतों, विद्युत विभाग तथा लोक निर्माण विभाग को आगाह करते हुए कहा कि संबंधित मार्गों पर जहां भी तार व खंभे जर्जर हैं, उन्हें दुरुस्त करा दिया जाए। सड़कों पर बन गए गड्ढे भी अविलंब दूर कर दिए जाएं। जिन मार्गों पर जलभराव की स्थिति रहती है, वहां जल निकासी के तात्कालिक प्रबंध किए जाएं। इनमें से किसी भी बिन्दु पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित पर एक्शन लिया जाएगा।
एसपी वीरेंद्र कुमार मिश्र ने कहा कि कांवड़ यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा के सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करने की कोशिश हुई तो कड़ी कार्रवाई होगी। समाधान दिवस में यहां 103 शिकायतें आई, इनमें से 22 का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया। इस मौके पर सीडीओ अनूप कुमार श्रीवास्तव, एसडीएम एमपी सिंह व सीओ आरपी राय आदि मौजूद रहे।
आलापुर में समाधान की अध्यक्षता एडीएम अमरनाथ राय ने की। यहां 100 शिकायतें आई जिसमें से छह का मौके पर निस्तारण कर 94 शिकायतों के अविलंब निस्तारण के निर्देश एडीएम ने दिए। कहा कि यदि समस्याओं के निपटारे में हीलाहवाली हुई तो संबंधित की जवाबदेही तय की जाएगी। एसडीएम व सीओ समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
अकबरपुर तहसील में एसडीएम अभिषेक पाठक की अध्यक्षता में समस्याओं की सुनवाई हुई। यहां 100 शिकायतें आई, जिसमें से छह का तुरंत निपटारा किया गया। जलालपुर में समाधान दिवस का संचालन तहसीलदार सदर गिरिवर सिंह ने किया। यहां 138 शिकायतें आई जिसमें से 16 का निपटारा हुआ।
भीटी तहसील में अधिकारियों की मौजूदगी में 77 फरियादियों ने अपनी अपनी समस्याएं सुनाई। इनमें से तीन की समस्या को अधिकारियों ने मौके पर ही निस्तारित करा दिया।