न्यौरी में शुक्रवार को विजेता टीम को ट्राफी सौंपते अतिथि। -संवाद
राजेसुल्तानपुर (अंबेडकरनगर)। तहसील क्षेत्र आलापुर के न्यौरी में चल रहे क्रिकेट टूर्नामेंट का शुक्रवार को समापन हो गया। एसएस बाबा ट्रेडर्स न्यौरी की टीम ने कुशीनगर को पराजित कर ट्राॅफी पर कब्जा जमाया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
न्यू लाइट क्रिकेट क्लब न्यौरी के तत्वावधान में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मैच शुक्रवार को एमएस बाबा ट्रेडर्स न्यौरी एवं कुशीनगर के बीच खेला गया। 20 ओवरों के मैच में कुशीनगर के कप्तान आरपी यादव ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। बल्लेबाज पीयूष सिंह 27 रन, अभिषेक यादव 19 रन व नीरज मौर्य के 14 रनों की बदौलत टीम ने 108 रन का स्कोर बनाया। गेंदबाज विपिन चंद्रा ने चार विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमएस बाबा ट्रेडर्स टीम के सलामी बल्लेबाजों ने अपनी टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। बल्लेबाज दिव्य प्रकाश के 25 रन एवं नितिन सिंह के 42 रन की बदौलत बाबा ट्रेडर्स ने 13.4 गेंद में फाइनल मुकाबला अपने नाम कर लिया।
टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले कुशीनगर के खिलाड़ी लकी यादव को मैन ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। उन्हें मोबाइल देकर सम्मानित किया गया। मैन ऑफ द मैच एमएस बाबा ट्रेडर्स के विपिन चंद्र को दिया गया।
मुख्य अतिथि अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष शिव कुमार गुप्ता एवं विशिष्ट अतिथि जिपं सदस्य अश्वनी यादव ने विजेता टीम को ट्राॅफी सौंपी। साथ ही खिलाड़ियों के प्रयासों की सराहना की। इस मौके पर आयोजक सैयद आफताब आलम, महफूज फारुकी, मोहम्मद फारूकी आदि मौजूद रहे।