अंबेडकरनगर। बेहतर भविष्य के निर्माण में जागरूकता एवं सकारात्मक सोच अत्यंत जरूरी है। महिलाओं व युवतियों को अपने हक को लेकर स्वयं आवाज बुलंद करने की जरूरत है। यह प्रेरणा महिला थाने की एंटी रोमियो टीम के सदस्यों ने शुक्रवार को शहजादपुर में महिलाओं, युवतियों व छात्राओं को जागरूक करते हुए दी।
आरक्षी छाया ने युवतियों व छात्राओं का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि सभी लोग पूरी सजगता के साथ शिक्षा ग्रहण करें। शिक्षा के बल पर ही समाज में परिवर्तन संभव है। किसी भी दशा में हिंसा न सहें बल्कि उसका डटकर मुकाबला करें। ऐसा होने से ही समस्याओं का निपटारा हो सकेगा।
आरक्षी सोनम ने कहा कि आज के दौर में ऑनलाइन सेवाओं का उपयोग लोग ज्यादा से ज्यादा कर रहे हैं। ऑनलाइन खरीदारी का भी क्रेज बढ़ा है। ऐसे में कोई भी सामान खरीदने से पहले संबंधित फर्म के बारे में जांच-परख लें। इसके बाद ही उस पर विश्वास करें। कई बार साइबर अपराधी मौके का फायदा उठाकर लोगों से ठगी कर लेते हैं।
महिलाओं व युवतियों को आपातकालीन नंबरों की जानकारी देने के साथ उसके महत्व को भी बताया। कहा कि महिलाएं अपनी शिकायतों को दर्ज कराने में झिझक न दिखाएं। अपनी पूरी बात नजदीकी थानों पर पहुंचकर बताएं। टीम द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इसी तरह बेवाना, अकबरपुर, बसखारी व अहिरौली आदि थाना क्षेत्रों में एंटी रोमियो टीम ने अभियान चलाकर महिलाओं, बेटियों व छात्राओं को जागरूक किया। साथ ही इधर-उधर बिना काम के टहलते मिले युवकों से पूछताछ करते हुए अपराध से दूर रहने की सलाह दी गई।