अंबेडकरनगर। महिलाओं के जागरूक होने से समाज में सकारात्मक बदलाव आएगा। बेटियों को अच्छी शिक्षा हासिल कर आगे बढ़ने की जरूरत है। रविवार को जिला मुख्यालय सहित विभिन्न क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों ने मिशन शक्ति के तहत चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के दौरान आम लोगों से यह अपील की।
कटका थाने की सिपाही पूनम, अभिषेक यादव ने गोविंद साहब, महरुआ थाने की सिपाही सुमन वर्मा व अवधेश कुमार ने सिलावट, बेवाना थाने की सिपाही प्रीति शुक्ला ने रसूलपुर दियरा आदि गांवों में पहुंचकर बेटियों व महिलाओं को सरकार की ओर से संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए सरकार हेल्पलाइन नंबर 1090, 1076 व 181 के अलावा डायल 112 का संचालन कर रही है। यदि कोई उनका शोषण व उत्पीड़न करता है तो बेहिचक अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं।
महिला थाना की सिपाही मनीषा, सीमा यादव व गरिमा यादव ने जिला मुख्यालय पर पटेलनगर, शहजादपुर, मीरानपुर आदि क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने हक के लिए संकोच नहीं करना चाहिए। शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य को लेकर हमेशा तत्पर रहें। टांडा में कोतवाल अमित सिंह के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को जागरूक कर योजनाओं का लाभ उठाने को कहा।