प्रधान डाकघर परिसर में बंद पड़ा एटीएम।
अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर के प्रधान डाकघर परिसर में लगा एटीएम एक साल से शोपीस बना है। इसका संचालन नहीं होने से लोगों को रुपये निकालने के लिए दूसरे एटीएम के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
डाकघर के खाताधारकों की सुविधा के लिए तीन वर्ष पहले डाकघर परिसर में डाक एटीएम खोला गया था। इससे लोगों को रुपये निकालने के लिए दूसरे एटीएम पर लंबी लाइन लगाने से राहत मिली। करीब एक वर्ष पहले तकनीकी खराबी के चलते डाक एटीएम का संचालन बंद हाे गया। एटीएम को चालू नहीं कराए जाने से लोगों को परेशानी हो रही है।
अरिया निवासी उदयभान व राजितराम का कहना है कि एटीएम खराब होने के चलते रुपये निकलने के लिए दूसरे जगह के चक्कर लगाने पड़ते हैं। पोस्टमास्टर नूतन सिंह ने बताया कि एटीएम को दुरुस्त कराने के लिए अयोध्या मंडल कार्यालय को पत्र भेजा गया है।