अरुणिमा ने अपने मिशन की इस पांचवीं पर्वत चोटी पर चढ़ाई का कार्यक्रम कुछ इसी तरह निर्धारित किया है। वे शनिवार 8 अगस्त को दिल्ली से ज्युरिख के लिए रवाना होंगी।
ट्रेन हादसे में अपना पैर गंवाने के बावजूद साहस के पर्याय बनीं अरुणिमा सिन्हा ने दुनिया की सभी सात पर्वत चोटियों पर तिरंगा फहराने का संकल्प ले रखा है। वे अब तक माउंट एवरेस्ट समेत चार बड़े पर्वतों पर चढ़ने का अभियान सफलतापूर्वक पूरा कर चुकी हैं।
अरुणिमा ने तय किया है कि वे अब पांचवी बड़ी पर्वत चोटी को फतह करने के लिए स्विटजरलैंड जाएंगी। वहां वे माउंट रोसा नामक पर्वत चोटी पर तिरंगा लहराएंगी। उन्होंने बताया कि ऐसा कार्यक्रम बनाया है, जिससे वे 15 अगस्त के दिन ही पर्वत की चोटी पर पहुंचकर देश का झंडा फहरा सकें।
यह उनके लिए गौरवपूर्ण क्षण होगा। देश जब आजादी की खुशियों को याद कर रहा होगा तो उस समय उनके हाथों में मौजूद तिरंगा देश से दूर होने के बावजूद चोटी लहरा रहा होगा।
अरुणिमा के साथ जा रहे उनके रिश्तेदार ओमप्रकाश ने बताया कि वे सब शनिवार आठ अगस्त को दिल्ली से ज्युरिख के लिए दोपहर बाद 12 बजकर 47 मिनट पर रवाना होंगे। ज्युरिख से लगभग एक घंटे के सफर के बाद वे सब जरमट नामक स्थान पर पहुंचेंगे।
यहां से वे पर्वत चोटी के लिए रवाना होंगे। लगभग साढ़े 17 हजार फिट की ऊंचाई वाली इस पर्वत चोटी पर चढ़ाई का मुख्य अभियान 13 अगस्त की रात बेस कैंप से शुरू होगा। 15 अगस्त को चोटी पर तिरंगा लहराने के बाद 17 अगस्त को बेस कैंप पर वापसी हो जाएगी।
बताया कि 18 अगस्त को स्विस एम्बेसी में उनके स्वागत के लिए समारोह तय है। 20 अगस्त को वे सब वापस नई दिल्ली पहुंचेंगे।