आलापुर (अंबेडकरनगर)। क्षेत्र में पुलिस ने बृहस्पतिवार रात हुई एक मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग के दौरान पैर में गोली लगने से दोनों बदमाश घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक दोनों बदमाश गत सप्ताह बैंक मित्र से हुई लूट में शामिल थे। उनके कब्जे से 40 हजार रुपये के साथ दो तमंचे व कारतूस बरामद हुए हैं।
बैंक मित्र दिनेश यादव के साथ लूट की घटना गत 14 जुलाई को हुई थी। आलापुर क्षेत्र के मसेना मिर्जापुर निवासी दिनेश अशरफाबाद बाजार में जनसेवा केंद्र चलाते हैं। 14 जुलाई को बैंक आफ बड़ौदा की रामनगर शाखा से निकाले गए 68 हजार रुपये व लैपटॉप एक बैग में रखकर जनसेवा केंद्र जा रहे थे। बैंक से कुछ ही दूरी पर एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने ओवरटेक करके दिनेश को रोक लिया। डरा-धमकाकर 68 हजार रुपये और लैपटाप लूट लिया।
घटना की छानबीन के दौरान पुलिस को बृहस्पतिवार रात बदमाशों के बारे में जानकारी मिली। आलापुर के प्रभारी निरीक्षक पंडित त्रिपाठी ने टीम के साथ पंचवटी गैस एजेंसी के निकट घेराबंदी की। रात करीब दो बजे बाइक सवार युवकों को पुलिस ने रोकने का प्रयास हुआ तो वे भागने लगे। पुलिस टीम की घेराबंदी देख बदमाशों ने फायरिंग कर दी।
इस पर पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिससे दोनों बदमाश के पैर में गोली लग गई। इससे दोनों बाइक समेत गिर पड़े। पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। बदमाशों की पहचान अंकित यादव निवासी मदुआना, जहांगीरगंज और संतोष प्रजापति निवासी लखनडीह के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों को स्थानीय सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल पहुंचाया।
थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों बदमाशों के कब्जे से लूट के 40,150 रुपये, दो तमंचे और तीन कारतूस बरामद हुए। बदमाशों से पूछताछ में पता चला कि लैपटाप को बेच दिया है। उसे बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।