भीटी (अंबेडकरनगर) माता-पिता के निधन के बावजूद दसवनपुर निवासी अर्पित तिवारी ने हिम्मत नहीं हारी। पढ़ाई को जारी रखते हुए एनसीसी ट्रेनिंग के बीच अब वे दिल्ली में गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होकर जिले का मान बढ़ाएंगे।
स्थानीय ग्रामोदय आश्रम डिग्री कॉलेज वीरसिंहपुर सया में बीए तृतीय वर्ष के छात्र अर्पित तिवारी (21) सफलता का इतिहास रचने जा रहे हैं। अपने माता-पिता के निधन के बाद अकेले ही गुजर-बसर कर रहे अर्पित ने हालात के आगे घुटने नहीं टेके। उन्होंने एनसीसी प्रशिक्षण के जरिए राजपथ की परेड में शामिल होने का गौरव हासिल किया है।
कॉलेज के एनसीसी कंपनी कमांडर लेफ्टिनेंट डॉ. हरीश कुमार सिंह के अनुशासित प्रशिक्षण में बीते दिनों प्रयागराज में आयोजित हुए शिविर में अर्पित का चयन रिपब्लिक-डे कैंप के लिए किया गया।
इसके बाद नोएडा में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचे एनसीसी कैडेट्स के बीच प्रतिस्पर्धा हुई। गणतंत्र दिवस परेड के लिए प्रयागराज शिविर से अकेले अर्पित का चयन किया गया।
अर्पित ने बताया कि यह उनके लिए किसी सपने से कम नहीं है। उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि इतना बड़ा अवसर भी मिल जाएगा। बताया कि अब उन्हें दिल्ली के करियप्पा परेड ग्राउंड में प्रशिक्षण दिया जा रहा है।