जलालपुर (अंबेडकरनगर)। मालीपुर के मोतीलाल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में चल रही राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब शनिवार को अंबेडकरनगर की टीम ने जीत लिया। खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वाराणसी की टीम को चार विकेट से पराजित किया। अंबेडकरनगर के निशू सिंह को ‘मैन ऑफ द मैच’ व वाराणसी के रौनक सिंह को ‘मैन ऑफ द सीरीज’ घोषित किया गया।
वाराणसी की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 150 रनों का स्कोर खड़ा किया। बल्लेबाज रौनक सिंह ने आठ चौके व तीन छक्के के सहयोग से 64 रन की बेहतरीन पारी खेली। मनीष ने तीन चौकों व एक छक्के की सहयोग से 26 रन व दीपू सिंह ने दो चौके व दो छक्के लगाकर 25 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी अंबेडकरनगर टीम के खिलाड़ियों ने शानदार शुरुआत की और जीत को आसान बना दिया। 15 ओवरों की समाप्ति पर छह विकेट खोकर मैच को जीत लिया।
बल्लेबाज निशू सिंह ने पांच चौके व तीन छक्के जड़कर 46 रन, अवनीश कुमार ने तीन चौके व दो छक्के की मदद से 32 रन, अमरपाल ने एक चौका व तीन छक्के की मदद से 25 रनों का सहयोग दिया। सूर्यनाथ यादव, दिलीप यादव एवं डॉ. आशुतोष मिश्र ने रेफरी तो आशाराम त्यागी ने कमेंटेटर की भूमिका निभाई।
सपा नेता महेंद्र यादव ने विजेता व उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। खिलाड़ियों के साथ ही आयोजन समिति की भी हौसला आफजाई की। कहा कि ऐसे आयोजन से ही प्रतिभाओं को निखारा जा सकता है।
आयोजन को सफल बनाने में अध्यक्ष आशुतोष मिश्र, अवधेश कुमार तिवारी, प्रमोद राणा, आशीष शुक्ला व सुभाष यादव आदि ने योगदान दिया।