परिषदीय विद्यालयों में आयोजित हुई गोष्ठी
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबेडकरनगर। परिषदीय विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की शतप्रतिशत उपस्थिति दर्ज करने के लिए शासन के निर्देश पर शनिवार को अकबरपुर, भियांव, जहांगीरगंज व टांडा नगर स्थित परिषदीय व कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में अभिभावक शिक्षक बैठक हुई। इसमें अभिभावकों से अपील की गई कि वे अपने बच्चों को विद्यालय जरूर भेजें। कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रह जाए इसे भी सुनिश्चित करें।
मालूम हो कि बीते दिनों ही शासन ने निर्देशित किया था कि परिषदीय विद्यालयों में पढने वाले छात्र-छात्राओं के शिक्षास्तर में और भी सुधार करने के लिए उनके अभिभावकों व शिक्षकों के साथ जुलाई माह के पहले सप्ताह में बैठक की जाए। इसी क्रम में शुक्रवार को चार विकास खंड के परिषदीय व कस्तूरबा गांधी विद्यालय में बैठक हुई। इसमें अभिभावकों को शासन द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
बीएसए भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि 10 जुलाई को बसखारी, रामनगर व जलालपुर तथा 11 जुलाई को भीटी, कटेहरी व टांडा ग्रामीण के विद्यालयों में अभिभावक शिक्षक बैठक होगी। इस संबंध में संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को जरूरी दिशा निर्देश दिए गए हैं।