जलालपुर (अंबेडकरनगर)। कटका के फतेहपुर मानिक गांव के निकट आजमगढ़ जिले के पवई के भीमलपुर निवासी अनूप यादव (22) की बरात जाते समय बृहस्पतिवार को हुई मौत के मामले में शनिवार को पुलिस ने उसके दोस्त विवेक राजभर समेत दो पर हत्या की एफआईआर दर्ज कर ली है। पोस्टमार्टम के दौरान अनूप की मौत सिर पर चोट लगने की वजह से होने की पुष्टि हुई है। पुलिस अब इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
बृहस्पतिवार की शाम अनूप अपने घर से बरात में जाने की बात कहकर अपने दोस्त विवेक राजभर के साथ बुलेट बाइक पर निकला था। रात करीब 10 बजे परिजनों को अनूप के घायल होने व सीएचसी नगपुर ले जाने की सूचना मिली थी। मौके पर परिजन पहुंचे तो अनूप की मौत हो चुकी थी। परिजनों ने बाइक पर कोई दुर्घटना के निशान न होने के चलते हत्या की आशंका जताई। शनिवार को दोपहर करीब 12 बजे मृत युवक का सुरहुरपुर घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। जलालपुर प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव से मौत की पुष्टि हुई है। कटका थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर विवेक राजभर और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कर ली गई है। प्रकरण की जांच कर कार्रवाई की जा रही रही है।
इंजीनियर बनने का सपना अधूरा
अनूप आईटीआई के तीसरे सेमेस्टर का छात्र था। परिवार की उम्मीदों का सहारा था। पढ़ाई में मेधावी, इंजीनियर बनकर परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने का सपना देखा था। लेकिन जिस दोस्त के साथ भरोसा करके घर से निकला, उसी पर अब हत्या का संदेह गहराया है। मां बेहोशी की हालत में, पिता स्तब्ध और छोटा भाई सदमे में है। घर में अनूप की किताबें और कॉपियां आज उसकी मेहनत और सपनों की गवाही दे रही हैं। अनूप अपने मोबाइल के साथ घर से गया था। वह मोबाइल अब तक गायब है।