अंबेडकरनगर। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिला सैनिक बंधु की बैठक हुई। एडीएम न्यायिक रंजीत व संयोजक कर्नल बीके शुक्ला ने लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
बैठक में केंद्रीय सैनिक बोर्ड, राज्य सैनिक बोर्ड व अन्य मुख्यालयों से आए मुख्य पत्रों को पढ़कर बताया गया। पिछले सैनिक बंधु बैठक में पांच प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए थे, जिसमें से तीन की समस्या का समाधान किया गया। 1965 भारत पाकिस्तान युद्ध में शहीद हवलदार देवी प्रकाश की पत्नी वीर नारी फूलपती देवी को 85,800 रुपये का वार्षिक अनुदान चेक देकर सम्मानित किया गया।
जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी बीके शुक्ला ने बताया कि शौर्य स्थल अंबेडकर नगर के लिए मिग-21 विमान (युद्ध ट्रॉफी) का प्रकरण आवंटन के लिए वायुसेना भवन नई दिल्ली को 14 अक्तूबर 2025 को भेज दिया है। इसके अलावा ईसी एचएस व एनसीसी बटालियन की स्थापना के लिए डीओ लेटर विधान परिषद के सदस्य डॉ. हरिओम पांडेय ने रक्षा मंत्री को स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा।