प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे होमगार्ड दिनेश कुमार व बिस्मिल्लाह खां ने कहा कि आलापुर में होमगार्ड की ड्यूटी एक अगस्त से 31 अगस्त तक लगाई गई है। जब वे सभी एक अगस्त को प्रात: नौ बजे आमद दर्ज कराने थाने पहुंचे, तो वहां ये कहकर उन्हें लौटा दिया गया कि पहले अपने बीओ को बुलाओ, तब आमद दर्ज की जाएगी।
उन लोगों ने दूरभाष पर बीओ को सूचित किया। बीओ के आने के बाद भी सायं छह बजे तक वे सभी थाने के बाहर डटे रहे, लेकिन आमद दर्ज नहीं की गई। इसके बाद जब उच्चाधिकारियों से शिकायत करने की बात कही, तब एसओ ने धमकी देते हुए कहा कि एक माह में दस दिन की रिपोर्ट व गैरहाजिर दर्ज किया जाएगा।
होमगार्डों ने कहा कि अब और उपेक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वे अपने हक के साथ कोई समझौता नहीं करेंगे। मांग की गई कि थाने के एसओ व मुंशी शिवकुमार को स्थानांतरित किया जाए। साथ ही उनकी प्रतिदिन आमद दर्ज कराई जाए। यदि ऐसा नहीं किया जाता, तो आंदोलन छेड़ा जाएगा।
इस दौरान रफीक अहमद, हरीराम यादव, रामजतन यादव, कपिलदेव मिश्र, रामपारस यादव, मेवालाल, रामशरण, सुरेंद्र आदि मौजूद रहे। बाद में प्रतिनिधिमंडल ने एसपी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।