प्रधानाध्यापक को नोटिस जारी कर किया जवाब तलब
संवाद न्यूज एजेंसी
भीटी (अंबेडकरनगर)। जिले के प्रभारी मंत्री गिरीशचंद्र यादव को बुधवार को प्राथमिक विद्यालय रिउना में बच्चों के लिए बने शौचालय में ताला बंद मिला। यहां मौजूद बच्चों के सापेक्ष भोजन भी कम मात्रा में बनता दिखा। मंत्री ने इस पर नाराजगी जताते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद बीएसए ने प्रधानाध्यापक से जवाब तलब किया है।
भाजपा के कार्यक्रम में भाग लेने प्रभारी मंत्री बुधवार को जब भीटी तहसील पहुंचे तो प्राथमिक विद्यालय रिउना के औचक निरीक्षण पर चले गए। वहां पहुंचते ही शौचालय में ताला बंद देख वे भड़क गए। प्रधानाध्यापक को पूछा तो पता चला कि प्रधानाध्यापक नंदलाल भारती भीटी बीआरसी में चल रहे प्रशिक्षण में भाग लेने गए हैं। मंत्री ने एमडीएम का निरीक्षण किया तो विद्यालय में बच्चों के सापेक्ष वह कम बनता मिला। इस पर उनका पारा और चढ़ गया।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस मामले में कार्रवाई की जाए। इसके बाद बीएसए बीपी सिंह के निर्देश पर बीईओ कमल प्रकाश सिंह ने प्रधानाध्यापक से पूरे प्रकरण में जवाब तलब किया है। बीईओ ने बताया कि जवाब आने के बाद आगे निर्णय लिया जाएगा। संवाद