अंबेडकरनगर। युवती के अपहरण के मामले में आरोपी के विरुद्ध केस न दर्ज किए जाने से आक्रोशित ग्रामीणों ने शुक्रवार को अकबरपुर टांडा मार्ग पर सूरापुर बाजार के निकट सड़क पर जाम लगा दिया। वे न सिर्फ आरोपी के विरुद्ध केस दर्ज किए जाने, बल्कि पुलिस कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की भी मांग कर रहे थे। सीओ टांडा संतोष कुमार ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और केस दर्ज कराने का आश्वासन दिया। इस पर लगभग एक घंटे तक चला जाम समाप्त हो सका। इससे दोनों ओर वाहनों की लाइनें लग गईं।
अलीगंज थाना अंतर्गत गांव निवासी एक युवती को दो दिन पूर्व इसी थाना अंतर्गत जमालपुर गांव निवासी एक युवक बहला कर भगा ले गया। परिवारीजनों ने अपहरण का आरोप लगाते हुए मामले में केस दर्ज करने के लिए अलीगंज थाने में तहरीर दी। दो दिन बाद भी जब पुलिस ने केस नहीं दर्ज किया, तो ग्रामीणों में नाराजगी व्याप्त हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने अकबरपुर टांडा मार्ग पर सूरापुर बाजार के निकट सड़क पर जाम लगा दिया।
वे आरोपी के विरुद्ध केस दर्ज कर अविलंब गिरफ्तारी किए जाने की मांग करने लगे। जाम की सूचना मिलते ही सद्दरपुर पुलिस चौकी के पुलिस कर्मियों के साथ ही अलीगंज एसओ यशवंत यादव भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही ग्रामीणों का आक्रोश और भड़क गया। वे पुलिस प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी करने लगे। थानाध्यक्ष ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण उच्चाधिकारियों को मौके पर बुलाए जाने की मांग करने लगे।
इस बीच कुछ देर बाद ही सीओ टांडा संतोष कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने ग्रामीणों को समझा कर शांत कराया। केस दर्ज करने का आश्वासन दिया। इसके बाद लगभग एक घंटे तक चला जाम समाप्त हो सका। उधर, एसओ यशवंत यादव ने बताया कि मामले में जरूरी कार्रवाई की जा रही है। सूत्रों के अनुसार पुलिस आरोपी के पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।