अंबेडकरनगर। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में एक अधेड़ की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जलालपुर क्षेत्र के मरहरा निवासी रामदयाल (50) सोमवार देर शाम बाजार में ही सड़क पार कर रहे थे। बताया जाता है कि इसी बीच तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बाइक सवार मौके से भाग गया। आनन-फानन में उन्हें सीएचसी बसखारी ले जाया गया, जहां हालत नाजुक देख केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया, मगर रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर, टांडा कोतवाली अंतर्गत कश्मीरिया निवासी सुरेश (35) सोमवार देर शाम बाइक से टांडा से घर जाते समय मोहल्ले के निकट बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के पियारेपुर गांव निवासी अनवर (62) मंगलवार को सुबह उस समय बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गए, जब वह घर के निकट सड़क पार कर रहे थे। अकबरपुर कोतवाली अंतर्गत अरिया गांव निवासी मनोज (32) देर शाम बाइक से अकबरपुर से घर जाते समय गांव के निकट बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया। सम्मनपुर थाना क्षेत्र के पलई कल्याणपुर गांव निवासी सुमन (28) सोमवार देर शाम घर के पास सड़क पार करने के दौरान बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गई। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।