सुलेमपुर। टांडा के कोड़रा गांव में मंगलवार को पिपरमिंट ऑयल निकालने के दौरान टंकी फटने से झुलसे राम उजागर वर्मा (70) की बुधवार भोर लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। उनकी मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया।
टांडा के कोड़रा गांव निवासी रामपति वर्मा ने बताया कि उनके बड़े भाई राम उजागर (70) ने मेंथा ऑयल निकालने के लिए अपने खेत में टंकी लगा रखी थी। मंगलवार की सुबह लगभग 10 बजे, राम उजागर अपने भाई रामपति वर्मा और उनके बेटे सुदीप वर्मा के साथ तेल निकालने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक टैंकर फट गया और इसका एक हिस्सा लगभग 15 फीट की ऊंचाई तक उछलकर दूर जा गिरा। हादसे में राम उजागर वर्मा समेत तीनों लोग झुलस गए थे।
चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तुरंत घायलों को महामाया राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर पहुंचाया। यहां से राम उजागर वर्मा को लखनऊ रेफर कर दिया गया था, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। अन्य दोनों का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। मृतक की दो बेटियों का विवाह हो चुका है। एक बेटा है। इंस्पेक्टर दीपक सिंह रघुवंशी ने बताया कि मौत की जानकारी मिली है। तहसील प्रशासन को सूचना दे दी गई है।