बसखारी। आम नागरिकों की सुरक्षा की बात तो दूर यहां पुलिसकर्मी ही जालसाजों की धोखाधड़ी का शिकार हो रहे।
स्थानीय थाने में तैनात महिला सिपाही के खाते से एक लाख रुपए निकालने जाने का मामला सामने आया है। सिपाही की तहरीर पर थाने में अज्ञात के विरुद्ध धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने केस दर्ज करने के साथ ही छानबीन शुरू कर दी है। बसखारी थाने में तैनात सिपाही सुमन यादव ने थाने में मंगलवार को एक तहरीर दी। बताया कि उसका खाता स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा बसखारी में है। मंगलवार दोपहर को उसके मोबाइल पर 49999 रुपए खाते से निकलने का एसएमएस आया।
एटीएम कार्ड आदि उसके पास होने के बावजूद खाते से पैसा निकलने का संदेश मिलने के बाद वह परेशान हो गई कि आखिर खाते से पैसा कैसे निकल गया। वह कुछ समझ पाती तब तक उसके मोबाइल पर 30 हजार व 20 हजार रुपए निकालने का दो और एसएमएस पहुंच गया। वह तत्काल बसखारी बैंक शाखा पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद उसने थाने में लिखित तहरीर दी।
महिला सिपाही की तहरीर पर थाने में अज्ञात के विरुद्घ धोखाधड़ी करने का केस दर्ज कर लिया गया। एसओ दयाशंकर सिंह ने बताया कि बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात के विरुद्घ धोखाधड़ी व सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर छानबीन की जा रही है।