अंबेडकरनगर। शासन की ओर से नामित वरिष्ठ नोडल अधिकारी मंडलायुक्त अयोध्या एमपी अग्रवाल एवं जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन ने सोमवार को 200 बेड की क्षमता वाले एमसीएच विंग टांडा का जायजा लिया। साथ ही अस्पताल की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। वरिष्ठ नोडल अधिकारी ने चिकित्सकों व कर्मचारियों से बातचीत करने के साथ ही मरीजों से भी फोन के माध्यम से वार्ता की।
शहजादपुर निवासी मरीज विवेक ने फोन पर मंडलायुक्त को बताया कि मेरा स्वास्थ्य अब ठीक है। बताया कि चिकित्सकों की ओर से बेहतर देखरेख की जाती है और समय से दवाएं भी मिलती हैं। भोजन आदि को लेकर भी कोई समस्या नहीं है। मंडलायुक्त ने चिकित्सा अधीक्षक को निर्देश देते हुए कहा कि साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। मरीजों को ले जाने के लिए एंबुलेंस की उपलब्धता हमेशा रहनी चाहिए। इस मौके पर सीडीओ घनश्याम मीणा व एडीएम डॉ. पंकज कुमार वर्मा आदि मौजूद रहे।
इसके बाद वरिष्ठ नोडल अधिकारी मंडलायुक्त ने टांडा के पकड़ी भोजपुर गांव पहुंचकर निगरानी समिति के कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान निगरानी समिति की टीम तथा एमओआईसी उपस्थित रहे। वरिष्ठ नोडल अधिकारी की पूछताछ के दौरान मेडिकल किट के वितरण में खामी पाई गई, जिस पर वरिष्ठ नोडल अधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कड़ी फटकार लगाई।
साथ ही एमओआईसी को भी अपने दायित्व का समुचित निर्वहन न करने के लिए चेतावनी दी गई। बीडीओ, एडीओ, ग्राम पंचायत अधिकारी को निर्देशित किया की निगरानी समितियों के साथ सहयोग प्रदान करते हुए अधिक से अधिक जरूरतमंदों को मेडिसिन किट का वितरण करवाएं। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें।