आलापुर क्षेत्र में वर्ष 2022 में दर्ज बिजली चोरी के मामले में अनिल सिंह को कोर्ट से राहत मिल गई है। बकाया बिजली बिल, शमन शुल्क और राजस्व निर्धारण शुल्क जमा करने पर विशेष न्यायाधीश विद्युत अधिनियम भारतेंदु प्रकाश गुप्ता ने उनके खिलाफ चल रही आपराधिक कार्रवाई समाप्त करने का आदेश दिया। आरोपी ने कोर्ट में प्रार्थना-पत्र देकर सभी देय धनराशि जमा करने और विभाग से नो-ड्यूज प्रमाणपत्र मिलने की जानकारी दी थी। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने भुगतान की पुष्टि करते हुए कार्रवाई समाप्त करने पर सहमति जताई। विद्युत वितरण खंड आलापुर के अधिशासी अभियंता की रिपोर्ट में भी पूरा भुगतान किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद कोर्ट ने मुकदमे की आपराधिक कार्रवाई समाप्त कर दी।