एकलव्य स्टेडियम में भारोत्तोलन प्रतियोगिता के दौरान भार उठाता खिलाड़ी।
अंबेडकरनगर। माध्यमिक विद्यालयों की मंडलीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता का आयोजन सोमवार को एकलव्य स्टेडियम में किया गया। इसमें जिले के साथ सुल्तानपुर, अयोध्या व अमेठी के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। बालक वर्ग में अंबेडकरनगर व अयोध्या का दबदबा रहा, जबकि बालिका वर्ग में सुल्तानपुर के खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया।
अंडर-17 बालक वर्ग में अंबेडकरनगर व अंडर-19 बालक वर्ग में अयोध्या जिले के खिलाड़ियों ने दबदबा कायम किया। अंबेडकरनगर के वेट लिफ्टर अभिनव सैनी ने स्नैच और क्लीन एंड जर्क को मिलाकर 160 किलो वजन उठकर पहला स्थान हासिल किया। अंडर-17 बालक वर्ग के 56 किलो वेट कैटेगरी में अंबेडकरनगर के आर्यन वर्मा स्नैच और क्लीन एंड जर्क को मिलाकर 135 किलो वजन उठाकर पहले पायदान पर रहे। 60 किलो वेट कैटेगरी में अभिनव सैनी ने 160 किलो व 65 किलो वेट में अयोध्या के सानू साहू ने 110 किलो वजन उठाकर पहला मुकाम हासिल किया।
अंडर-19 बालक वर्ग 60 किलो वेट कैटेगरी में अयोध्या के शिवम मौर्य 140 किलो, 65 किलोग्राम वेट कैटेगरी में अंबेडकरनगर के प्रिंस प्रजापति 90 किलो, 71 किलो वेट कैटेगरी में अयोध्या के शिवांश तिवारी पहले स्थान पर रहे। 98 किलो वेट कैटेगरी में सुल्तानपुर के प्रांजल यादव ने 105 किलो वजन उठाकर पहला पायदान सुनिश्चित किया। जिला क्रीड़ा सचिव अजीत सिंह ने बताया कि विजेता खिलाड़ी अब वाराणसी में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। इस दौरान शारीरिक शिक्षक वीरेश कुमार, ओमवीर वर्मा, प्रबुद्ध सिंह, योगेश्वर दिवाकर, हर्षित सिंह, पवन चौरसिया, बबलू मौजूद रहे।