टांडा। जिले के यूथ आइकॉन-प्रवीण कुमार गुप्ता ने ब्लड बैंकों में रक्त की किल्लत को देखते हुए सोमवार को वृहद रक्तदान शिविर का आयोजन किया। अपने सभी युवा साथियों को एक साथ जोड़कर उन्होंने रक्तकोषों को पुन:भंडारित करने के लिए अपने आवास पर रक्तदान शिविर का आयोजन कराया। इसमें 50 युवा रक्तदान के लिए पहुंचे। जांचोपंरात 24 युवाओं ने रक्तदान किया।
युवक मंगल दल-ब्राहिमपुर कुशमा के तत्वावधान में ‘कोरोन काल में युवाओं की भूमिका’ विषय पर सोमवार को पर िचर्चा के साथ स्वैच्छिक रक्तदान कार्यक्रम का आयोजन हुआ। शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद श्रावस्ती रामशिरोमणि वर्मा ने सचल रक्त संचयन वाहन का फीता काटकर किया।
तत्पश्चात सांसद ने युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण, पुष्पार्चन व दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। सांसद ने कार्यक्रम संयोजक प्रवीण व सभी सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों की प्रशंसा की।
कहा कि एक रक्तदान कई जीवन को सुरक्षित करने में मददगार होगा। इस वैश्विक आपदा में जहां लोग अपनों के लिए नहीं खड़े हो रहे हैं, ऐसे माहौल में जनपद के युवाओं को एक आवाज पर नि:स्वार्थ सेवा के लिए एकत्रित देखकर यह निश्चय हो गया कि युवा पीढ़ी समाज को नई दिशा देनें में सक्षम है।
विशिष्ट अतिथि विधायक प्रतिनिधि श्यामबाबू गुप्त ने कहा कि यह आयोजन हमें कोरोना से जंग को आसान बनाएगा। सभी रक्तदानियों व अब तक कोरोना से जंग में सहभागी रहे युवाओं को सम्मानित करते हुए श्यामबाबू ने कहा कि अन्य जनपदों की तुलना में हमारा जनपद अब तक बहुत सुरक्षित है।
बाद में रक्तदानियों ने विशिष्ट अतिथि के साथ पौधरोपण भी किया। सहयोग फाउंडेशन जलालपुर की टीम ने आयोजक प्रवीण गुप्ता को सम्मानित भी किया। कार्यक्रम का संचालन प्रख्यात शिक्षाविद निरप्रसाद शर्मा ने किया।
आयोजन में उर्मिला सुमन-द फाउंडेशन का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में मुख्य रूप से रक्तकोष प्रभारी डॉ मनोज गुप्ता, राजन सुमन, अंशु बग्गा, दीपक नाग, लैब टेक्नीशियन विनोद वर्मा, नवीन दीक्षित, राजकुमार व रमेश आदि मौजूद रहे।
स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में मनकेश कुमार, दिनेश कुमार सोनी, आशीष विश्वकर्मा, संदीप कुमार मांझी, अजय कुमार श्रीवास्तव, शिवम चौरसिया, राज मद्धेशिया, शुभम गुप्त, अंकित कुमार राजभर, राहुल गुप्त, अतुल पाल, पवन सोनी, संजय कुमार, देवेश चौरसिया, प्रवीण पांडेय, सलमान अनीश, अंकित अग्रहरि, वेदमणि शर्मा, अजय साहू, आकाश, सुनील कुमार गुप्त, प्रतिश चौरसिया, सत्यप्रकाश आर्य व दिवाकर विश्वकर्मा आदि ने रक्तदान किया।