अंबेडकरनगर। राज्य सरकार के निर्देश के अनुरूप तमाम प्रतिबंधों के बीच जिले में स्वतंत्रता दिवस उल्लास के साथ शनिवार को मनेगा। इसकी सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सोशल डिस्टेंसिंग का पूरी तरह पालन करने तथा आयोजन से पहले कार्यक्रम स्थल को सैनिटाइज करने का निर्णय लिया गया है।
कोविड संक्रमण के बीच राज्य व केंद्र सरकार के तमाम दिशा निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए शनिवार को स्वतंत्रता दिवस का उल्लास दिखाई पड़ेगा। कलेक्टे्रट में डीएम राकेश कुमार मिश्र ध्वजारोहण कर अधिकारियों व कर्मचारियों को जरूरी दिशा निर्देश देंगे।
पुलिस कार्यालय में एसपी आलोक प्रियदर्शी ध्वजारोहण करेंगे। एडीएम डॉ पंकज वर्मा ने बताया कि कोविड-19 के चलते मानव श्रृंखला व रैली आदि आयोजित न करने का निर्णय हुआ है। सुबह नौ बजे सभी सरकारी व गैर सरकारी इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा।
कोविड-19 के योद्धाओं को खासतौर पर आमंत्रित किया जाएगा। सोशल डिस्टेंसिंग का पूरी तरह पालन होगा। सभी आयोजन स्थल को सैनिटाइज करने का भी निर्देश दिया गया है। सभी कार्यक्रमों में कोविड संक्रमण से बचाव के तौर तरीकों पर खासतौर से जानकारी दी जाएगी।
सभी सरकारी व गैर सरकारी कार्यालय पर 14 व 15 अगस्त को रंग बिरंगी रोशनी से रोशन रहेंगे। उधर जिले की तीन नगर पालिका परिषद व दो नगर पंचायतों में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अपने अपने इलाकों में खास साफ सफाई के इंतजाम किए हैं। जिला मुख्यालय स्थित नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष के प्रतिनिधि मनोज गुप्त ने बताया कि साफ सफाई को लेकर जरूरी हिदायत दी जा चुकी है।
सफाई के साथ ही चूने आदि का छिड़काव कराया जा रहा है। उधर विभिन्न निजी संस्थाओं व विद्यालयों में भी संक्षिप्त कार्यक्रम के साथ स्वतंत्रता दिवस मनेगा। इसकी सभी जरूरी तैयारी पूरी कर ली गई है।
टांडा विधायक संजू देवी ने आत्मनिर्भर अभियान को गति प्रदान करने के लिए सिलाई मशीन से खुद ही तिरंगा ध्वज तैयार किया। कपड़े के कई तिरंगे तैयार करने के बाद उन्होंने इसका वितरण भी किया। विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुहिम को मजबूती प्रदान करने के लिए आत्मनिर्भर अभियान को और ज्यादा गति प्रदान करना होगा। इसी क्रम में मैंने खुद ही राष्ट्रीय ध्वज तैयार किया। इसके बाद उसका वितरण किया गया।