अंबेडकरनगर। सम्मनपुर थाने में तैनात तीन सिपाहियों समेत कुल 13 कोरोना संक्रमित बीते 24 घंटे में सामने आए। ऐसे में जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 364 हो गई है। इनमें से 220 ठीक होकर घर जा चुके हैं, जबकि 13 की मौत हो चुकी है।
जिले में कोरोना का कहर लगातार जारी है। दिन प्रतिदिन कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ती जा रही है। बीते 24 घंटे में 13 कोरोना संक्रमित सामने आए। सम्मनपुर थाने में तैनात तीन सिपाहियों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने से थाने में हड़कंप मच गया। आननफानन में तीनों सिपाहियों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
थाने को 48 घंटे के लिए सील कर उसे सैनिटाइज किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। साथ ही थाने में तैनात अन्य सिपाहियों के भी लार का नमूना लेकर जांच के लिए भेज दिया गया। सीएमओ कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार बीते 24 घंटे में 13 नए कोरोना संक्रमित सामने आए।
ऐसे में जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 362 हो गई। 13 की मौत हो चुकी है, जबकि 220 ठीक होकर घर जा चुके हैं। 131 संक्रमितों का अलग अलग अस्पताल में इलाज चल रहा है।