सुलेमपुर (अंबेडकरनगर)। टांडा क्षेत्र में परीक्षा देकर स्कूल से बाहर निकले हाईस्कूल के छात्र को कथित रूप से अगवा कर मारपीट करने और थूक चटाने का मामला सामने आया है। पीड़ित छात्र के मामा ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने जांच शुरू की है।
पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनका भांजा एक विद्यालय में कक्षा 10 का छात्र है। मंगलवार को वह परीक्षा देने विद्यालय गया था। परीक्षा समाप्त होने के बाद जैसे ही वह स्कूल से बाहर निकला, कुछ लड़कों ने उसे कथित तौर पर जबरन उठा लिया और फूलपुर घाट ले गए। आरोप है कि वहां छात्र के साथ मारपीट की गई और उसे थूक चटाया गया।
शोर सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचने लगे तो आरोपियाें ने छात्र को घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती। सीओ टांडा प्रदीप सिंह चंदेल ने बताया कि मामले में शिकायती पत्र मिला है। पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है। (संवाद)