अंबेडकरनगर। एडीएम अशोक कुमार कनौजिया ने शनिवार को उप निबंधक कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। कार्यालय में रजिस्ट्री कराने आए क्रेता व विक्रेता से जानकारी हासिल की। एडीएम ने कहा कि सभी कार्य नियमों के अनुरूप हों। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न होने पाए।
एडीएम अशोक कनौजिया उप निबंधक कार्यालय के औचक निरीक्षण पर पहुंचे। मौके पर उप निबंधक जगदंबा शुक्ल के अलावा लिपिक तंजीम खां व अमरनाथ सोनकर मौजूद मिले। राजिस्ट्री कराने आए क्रेता व विक्रेता से एडीएम ने पूछताछ की। कार्यालय में अनावश्यक भीड़ लगी पाए जाने पर उप निबंधक को निर्देशित किया गया कि जिनके दस्तावेज निबंधन के लिए प्रस्तुत हों, सिर्फ उन्हीं के पक्षकार उपस्थित रहें। शेष व्यक्तियों को टोकन जारी कर क्रमानुसार ही पंजीकरण की कार्रवाई सुनिश्चित करें।
एडीएम ने निर्देश दिया कि रजिस्ट्रेशन अधिनियम के प्राविधानों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। उप निबंधक को बताया कि विक्रेता से भूमि विक्रय के संबंध में स्पष्ट सहमति जरूर प्राप्त कर लें। यह भी कहा कि यह सुनिश्चित कर लिया जाए कि बैनामे में पारंपरिक गवाह न हों, जो पैसे लेकर झूठी गवाही के लिए रजिस्ट्री आफिस के इर्द-गिर्द उपस्थित रहते हैं। बाद में एडीएम ने कार्यालय स्थित अभिलेखागार का निरीक्षण किया। रैक की कमी के चलते कई अभिलेख फर्श पर रखे मिले। एडीएम ने उप निबंधक को निर्देशित किया कि बजट के लिए शासन को पत्र भेजा जाए।