अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर में वीआईपी मूवमेंट होने के बावजूद पुलिस प्रशासन को यातायात प्रबंधन की सुध नहीं रही। बृहस्पतिवार को डिप्टी सीएम के राजनीतिक दौरे के बावजूद पुलिस प्रशासन के वाहनों के नियंत्रण पर ध्यान नीं दिया। इससे समूचे नगर में घंटों जाम व अव्यवस्था की स्थिति बनी रही। मुख्य मार्गों के अलावा गली-मोहल्लों के वैकल्पिक मार्गाें पर भी जाम लगा रहा।
निकाय चुनाव में बृहस्पतिवार को डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का अकबरपुर नगर में दो स्थानों पर कार्यक्रम था। पूर्ण रूप से राजनीतिक कार्यक्रम होने के कारण इसमें पहले से ही तय था कि संबंधित दल के लोग बड़ी तादाद में वाहनों से कार्यक्रम स्थल तक पहुुंचेंगे। इसके बावजूद पुलिस प्रशासन ने इस तरफ ध्यान नहीं दिया। पुलिस अधिकारियों को यह सुध ही नहीं रही कि आदर्श आचार संहिता का भी पालन कराना है। डिप्टी सीएम का दौरा होने के चलते सिर्फ सुरक्षा पर ही ध्यान केंद्रित रहा। इसके चलते बृहस्पतिवार दोपहर करीब जब डिप्टी सीएम अकबरपुर पहुंचे तो कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आने वाले वाहनों से अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो गई।
वाहनों की संख्या के अलावा डिप्टी सीएम के आगमन व प्रस्थान के दौरान नगर के मुख्य मार्ग पर आवागमन रोक देने से भी बड़ी दिक्कत खड़ी हो गई। शहर भर में जगह-जगह जाम लग गया। साथ ही नगर के कई स्कूलों में उसी समय छुट्टी भी हो गई। बच्चों को स्कूल से लेने के लिए जा रहे अभिभावकों तथा स्कूल से लौट रहे अभिभावकों को जाम से जूझना पड़ा। बच्चे भी घंटों जाम में फंसे रहे। जाम का असर पटेलनगर, बिजली दफ्तर, बस स्टेशन क्षेत्र, पुराना तहसील तिराहा, फौव्वारा तिराहा, चौक, अयोध्या मार्ग तथा बसखारी रोड तक देखने को मिला। शहर में लगभग पांच घंटे तक लोग मुश्किलों से संघर्ष करते रहे।
सोशल मीडिया पर जताई नाराजगी
लोगों ने जाम को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया प्रकट की। कई लोगों ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी का इजहार किया। जिला ओलंपिक संघ सचिव डॉ. हनुमान प्रताप सिंह ने लिखा कि वीआईपी का हवाला देकर पब्लिक को रोका जाना कदापि ठीक नहीं है। रूट डायवर्ट करने की सूचना पहले दे देनी थी। फेसबुक पोस्ट पर उन्होंने आगे लिखा कि लोगों को अस्पताल जाना है। किसी को कचेहरी जाना है तो किसी को स्कूल। चारों तरफ जाम लगा है। हद हो गई है। अमरजीत सोनी ने लिखा कि चंद लोगों के लिए ज्यादा लोगों को परेशानी में डालना कतई ठीक नहीं है। एक यूजर उमेश कुमार पांडेय ने भी हालात को लेकर अपनी नाराजगी जताई।
लगाई गई थी ड्यूटी
वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए ड्यूटी लगाई गई थी। किसी स्तर पर लापरवाही बरती गई होगी तो उसका संज्ञान लिया जाएगा। - संजय राय, एएसपी