टांडा (अंबेडकरनगर)। प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बृहस्पतिवार को कहा कि पार्टी प्रत्याशी की जीत हुई तो टांडा को मॉडल नगर पालिका के रूप में विकसित किया जाएगा। साथ ही सीवर लाइन स्थापना का भी भरोसा दिलाया।
हेलीकाॅप्टर से टांडा पहुंचने के बाद नगर में आयोजित जनसभा में उन्होंने भाजपा प्रत्याशी की जीत के लिए लोगों से आह्वान किया। कहा कि जिस तरह से प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री ने बिना भेदभाव सबका विकास किया है, उसी तरह आप सब भी बिना भेदभाव के अध्यक्ष व सभासद के भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाएं। बुनकर बाहुल्य टांडा में बुनकरों का ध्यान खींचते हुए कहा कि राज्य सरकार ने उनकी फिक्स रेट पर बिजली की मांग पूरी कर ली है।
टांडा में सीवर लाइन बहुत पुरानी होकर बंद हो चुकी है। यहां नई सीवर लाइन बनाने तथा मॉडल नगर पालिका के तौर पर विकास के वायदे के बीच कहा कि टांडा में विकास की तमाम संभावनाएं मौजूद हैं। डिप्टी सीएम ने केंद्र व प्रदेश सरकार की तमाम योजनाओं का विस्तार से जिक्र किया।