अकबरपुर रोडवेज परिसर में खड़ी बसें।संवाद
अंबेडकरनगर। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को आवागमन में परेशानी नहीं होगी। परिवहन निगम ने परीक्षा के मद्देनजर 25 और 30 अक्तूबर तथा एक नवंबर को अकबरपुर डिपो से 92 बसों के संचालन की तैयारी की है। यात्रियों की भीड़ बढ़ने पर बसों के अतिरिक्त फेरे भी लगाए जाएंगे।
तीन दिन होने वाली परीक्षा में जिले से करीब 84,349 अभ्यर्थियों के दूसरे जनपदों में परीक्षा देने जाने की संभावना है, जबकि अन्य जिलों से लगभग 9,816 अभ्यर्थी जिले में आएंगे। परीक्षा के लिए जिले में 23 केंद्र बनाए गए हैं। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की आवाजाही को देखते हुए पुलिस-प्रशासन के साथ परिवहन निगम ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं।
अभ्यर्थियों को समय से बस उपलब्ध कराने के लिए अकबरपुर डिपो की सभी बसों को ऑनरोड रखने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए चालक और परिचालकों की ड्यूटी भी लगा दी गई है। डिपो से रायबरेली, हरदोई, बहराइच, लखनऊ, अयोध्या और शाहजहांपुर समेत विभिन्न मार्गों पर बसों का संचालन किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर अन्य मार्गों पर भी बसें चलाई जाएंगी।
परीक्षा समाप्त होने के बाद घर लौटने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा का भी ध्यान रखा जाएगा। भीड़ के अनुसार बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे, जिससे अभ्यर्थियों को बसों के लिए इंतजार न करना पड़े।
अकबरपुर डिपो की स्टेशन इंचार्ज लक्ष्मी सिंह ने बताया कि अभ्यर्थियों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बसों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने और वापस लौटने में असुविधा न हो।