थाना अंतर्गत सुभाकरपुर गांव में सोमवार को ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक वृद्ध की मौत हो गई जबकि एक बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई। जब तक लोग घटनास्थल पर पहुंचते, तब तक ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर भाग खड़ा हुआ। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इसके बाद गंभीर रूप से घायल बालिका को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर से पहले गांव के बाहर स्थित एक राइसमिल के निकट ट्रैक्टर चालक वाहन को आगे-पीछे कर रहा था। इसी बीच उधर से गुजर रहे गांव निवासी रामपलट शर्मा (70) पुत्र प्रभु शर्मा व शेरबहादुर की सात वर्षीय पुत्री चाहत ट्रैक्टर की चपेट में आ गए।
घटना से मौके पर हड़कंप मच गया। चीख-पुकार की आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। लोगों को अपनी तरफ आता देख ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर भाग खड़ा हुआ। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने रामपलट को पहिये के नीचे से बाहर निकाला लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी जबकि चाहत को गंभीर चोटें आईं।
घायल चाहत को आननफानन में महरुआ बाजार स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां हालत की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
उधर, सूचना मिलने पर एसओ अरशद सिद्दीकी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ट्रैक्टर को अभिरक्षा में लेकर थाने चली गई।