चौथे व अन्तिम चरण के मतदान के साथ ही जिले की मतदान प्रक्रिया संपन्न हो चुकी है। अलग अलग क्षेत्र की चायपान, सैलून व अन्य दुकानों पर जुटने वाली भीड़ के बीच बस चुनाव परिणाम की ही चर्चाएं गर्म हैं। जो जिस खेमे का समर्थक है, वह उसके सजातीय वोटों को आधार मानकर उसकी जीत तय होने के दावे कर रहा है।
कोई किसी प्रत्याशी की जीत तय बता रहा है तो कोई किसी और को विजय मिलने की बात कर रहा है। कटेहरी विकास खंड क्षेत्र के मरथुआ सरैया ग्राम पंचायत में इस बार पंचायत चुनाव की दिलचस्पी कुछ ज्यादा ही बढ़ गई है। पांच बार से एक ही मजरे का प्रधान चुना जा रहा था। इस बार अन्य मजरों के लोगों ने चुनाव में कमर कस रखी थी।
नतीजे की दिलचस्पी सभी मजरों में चरम पर है। संबंधित मजरे से प्रधानी हटती है या नहीं इस पर चर्चा दिन रात चल रही है।अकबरपुर विकास खंड के बनगांव डिहवा में एक नए प्रत्याशी द्वारा दो पूर्व प्रधानों को चुनौती देने की चर्चा तेज है। चर्चा में भी यह तय नहीं हो पा रहा कि तीनों में से कौन जीत दर्ज करेगा। इसी तरह टांडा, रामनगर, भीटी, जलालपुर आदि विकास खंड के ग्राम पंचायतों का भी है।।