अंबेडकरनगर। दो दिनों के अवकाश के बाद मंगलवार को जिला अस्पताल खुला तो ओपीडी में मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी। परचा बनवाने से लेकर दवा पाने और डॉक्टर को दिखाने तक लोगों को मुश्किल हो गया। दवा वितरण कक्ष के बाहर महिलाओं की गेट तक लंबी कतार रही।
इतना ही नहीं एक्सरे के साथ आर्थो की ओपीडी में मरीजों की हर दिन की अपेक्षा अधिक रही। एक्सरे के लिए भी लोगों को काफी इंतजार करना पड़ा। वहीं, अस्पताल में भीड़ बढ़ने के कारण व्यवस्थाएं धराशायी हो गई। किसी तरीके से अस्पताल कर्मियों ने हालात को सुधारा। बीते कुछ दिनों से लगातार पड़ रही गर्मी से मरीजों की संख्या भी अस्पताल में बढ़ रही है। इन दिनों सबसे अधिक उल्टी-दस्त, पेट दर्द, बुखार, आखों में जलन, खुजली के मरीज ओपीडी में आ रहे है। मरीजों को चिकित्सक धूप से बचने और पेय पदार्थ के पीने की सलाह दे रहे है। मंगलवार को ओपीडी में 1427 मरीजों का उपचार किया गया।
दो घंटे बाद हो पाया एक्सरे
अकबरपुर के मलेथू गांव के रहने वाले राजेंद्र ने बताया कि सिर पर चोट लगी थी, लेकिन अस्पताल बंद होने के कारण समय से एक्सरे नहीं हो पाया था। आज जब वह सुबह आया तो काफी समय परचा बनने में निकल गया। वहीं, किसी तरीके से चिकित्सक को दिखाया और एक्सरे के लिए उसे एक घंटे से इंतजार करना पड़ा।
करना पड़ा इंतजार
अकबरपुर नगर के रहने वाले ओमप्रकाश दवा के लिए कतार में अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। इनको दांत दर्द की समस्या थी। बताया कि आज अधिक भीड़ होने के कारण उसे लाइन में खड़े हुए एक घंटा बीत गया, लेकिन अभी उसका नंबर नहीं आया।
वर्जन
दो दिन बाद ओपीडी खुलने की वजह से भीड़ रही
दो दिनों के बाद पूरी तरीके से ओपीडी खुली थी। इससे मरीजों की भीड़ अधिक रही। सुबह वैसे भीड़ का फैक्टर अधिक होता है। धीरे-धीरे व्यवस्थाएं सामान्य हो गई थी। ओपीडी में सभी चिकित्सकों ने मरीजों का उपचार किया।
डॉ. पीएन यादव प्रभारी सीएमएस