32. अकबरपुर में टांडा-बांदा हाईवे पर स्कैन सेंटर में सीललगाते कर्मचारी। संवाद
अंबेडकरनगर। जिला मुख्यालय में अकबरपुर-टांडा मार्ग स्थित अथर्व स्कैन सेंटर पर प्रशासन ने कड़ा प्रहार किया है। नायब तहसीलदार देवेंद्र श्रीवास्तव और सीएचसी अधीक्षक डॉ. नूर की टीम ने शुक्रवार को छापेमारी कर मान्य रजिस्ट्रेशन न मिलने पर पूरे सेंटर को सील कर दिया है।
शहर के चर्चित अथर्व स्कैन सेंटर पर अल्ट्रासाउंड, पैथोलॉजी और सीटी स्कैन की सुविधाएं उपलब्ध थीं, लेकिन प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि यहां अनियमित तरीके से जांच की जा रही थी। नायब तहसीलदार ने बताया कि सेंटर का रजिस्ट्रेशन मान्य नहीं था और यहां नियमों की अनदेखी की जा रही थी।
इससे पहले 20 अगस्त को एसडीएम सदर की अगुवाई में की गई कार्रवाई में अल्ट्रासाउंड मशीन सील की जा चुकी थी, लेकिन इसके बावजूद सेंटर पर गतिविधियां जारी रहने का आरोप है। प्रशासन ने अब सख्त कदम उठाते हुए पूरे सेंटर को सील कर दिया है। अकबरपुर सीएचसी अधीक्षक डॉ. नूर ने स्पष्ट किया कि अथर्व स्कैन सेंटर का संचालन नियमों के विरुद्ध था। प्रशासन ने संकेत दिया है कि भविष्य में सभी जांच केंद्रों की नियमित जांच की जाएगी और बिना रजिस्ट्रेशन संचालित होने वाले सेंटरों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। लोगों का कहना है कि पंजीकरण मान्य नहीं था तो पहले ही कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
इस कार्रवाई से इलाके के अन्य पैथोलॉजी और डायग्नोस्टिक सेंटरों में भी हड़कंप मच गया है। प्रशासन का कहना है कि वह किसी भी कीमत पर नियमों की अनदेखी नहीं है। अथर्व स्कैन सेंटर पर कार्रवाई के बाद अब प्रशासन की नजर अन्य सेंटरों पर भी है। स्कैन सेंटर पर कार्रवाई के बाद अब लोगों को उम्मीद है कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा और उन्हें बेहतर इलाज मिलेगा।