अंबेडकरनगर के राजेसुल्तानपुर में लाभार्थी का तिलक लगाकर अभिनंदन करतीं विधायक अनीता कमल
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
राजेसुल्तानपुर (अंबेडकरनगर)। भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ शनिवार को विधायक अनीता कमल ने अलग अलग गांवों में पहुंचकर सरकारी योजनाओं का फायदा उठाने वाले लाभार्थियों का तिलक लगाकर अभिनंदन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार के स्तर पर संचालित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सभी को सशक्त बनाया जा रहा है। सरकार के अथक प्रयासों का ही परिणाम है कि सभी का जीवनस्तर बेहतर बना है।
विधायक अनीता कमल कार्यकर्ताओं के साथ शक्ति केंद्र तेंदुआईकला व खरूआंव पहुंची। तेंदुआईकला में विधायक ने योजना से लाभान्वित पात्रों का तिलक लगाकर अभिनंदन किया। कहा कि प्रदेश सरकार समाज में हाशिए पर खड़े व्यक्ति को उसका पूूरा हक व अधिकार प्राथमिकता के आधार पर दिलाने को संकल्पित है। ऐसा होने पर ही उनके जीवन को सशक्त बनाया जा सकता है। विधायक ने कहा कि केंद्र सरकार ने उज्ज्वला योजना लागू कर महिलाओं के दुख दर्द को समाप्त किया है।
इसी तरह प्रदेश सरकार भी जनकल्याणकारी योजनाएं लागू कर आम जनमानस के जीवन को आसान बनाने के कार्य में जुटी है। इसके बाद विधायक ने खरुआंव गांव पहुंचकर योजना के लाभार्थियों का तिलक कर उनका अभिनंदन किया। विधायक ने कहा कि भाजपा सरकार ने किसान सम्मान निधि, फ्री बिजली कनेक्शन, श्रमिक लाभ योजना, नि:शुल्क गैस वितरण जैसी योजनाओं को चलाकर जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान लाने का कार्य किया है। सरकार के बेहतर कार्यों का परिणाम है कि विधानसभा चुनाव में प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी। इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि अवधेश कमल, मीडिया प्रभारी अभिषेक त्रिपाठी, संयोजक दीपक मिश्रा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।