पालिका क्षेत्र के टांडा रोड पर जमीन को खाली कराते राजस्व व पालिका की टीम। स्त्रोत पालिका
अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर में पालिका के पास टांडा रोड पर कोई पार्किंग नहीं थी, जिससे वाहन सड़कों पर खड़े होते थे। इससे आए दिन सड़क पर जाम की स्थिति बनी रहती है। लोगों को जाम से निजात दिलाने के लिए जिला प्रशासन लगातार प्रयासरत रहा है, लेकिन नगर पालिका के पास का जमीन का अभाव था। वहीं अब यह समस्या दूर हो गई है।
टांडा रोड पर नगर पालिका की बंजर जमीन थी जिस पर लोगों ने कब्जा कर रखा था, जिसका पालिका लंबे समय से केस लड़ रही थी। अकबरपुर तहसील में एसडीएम न्यायालय में लंबे से समय से केस चल रहा था। इसका फैसला दिसंबर 2024 में नगर पालिका के पक्ष में आ गया था, लेकिन उस पर लोगों का कब्जा नहीं हटवाया गया था। वहीं नवागत डीएम अनुपम शुक्ला ने नगर में बिगड़े यातायात व्यवस्था को देखकर पालिका से जमीन को मुहैया कराने के निर्देश दिए थे, जिसके बाद पालिका ने तेजी दिखाते हुए कार्रवाई शुरू की।
सोमवार को तहसीलदार संतोष कुमार व नायाब तहसीलदार अंबरीश सिंह के साथ नगर पालिका की ईओ बीना सिंह ने राजस्व टीम के साथ पहुंच कर बंजर भूमि को खाली कराकर अब वहां पर ई-रिक्शा स्टैंड स्थापित किया है। ईओ बीना सिंह ने बताया कि जमीन को खाली कराया गया है अभी कुछ लोगों का अतिक्रमण है जिसको जमीन को जल्द खाली करने की हिदायत दी गई है।