अंबेडकरनगर। जिले में हेलमेट की अनिवार्यता को लेकर शुरू किए गए नो हेलमेट, नो फ्यूल अभियान की पहले ही दिन हवा निकल गई। डीएम के सख्त निर्देश और पेट्रोल पंपों पर नोटिस व बैनर चस्पा होने के बावजूद न बाइक सवार नियम मानते दिखे और न ही पंप कर्मियों ने उसे लागू किया।
कई स्थानों पर बिना हेलमेट तीन सवारी बाइक पर सवार होकर आराम से पेट्रोल भरवाते रहे, जबकि पंप ऑपरेटर चुपचाप सेवा देते रहे। यातायात पुलिस, परिवहन और पूर्ति विभाग को जिम्मेदारी देने के बावजूद कोई अधिकारी मौके पर नजर नहीं आया, जिससे साफ है कि अभियान सिर्फ कागजों तक ही सीमित रह गया।
देखिए...तस्वीरें खोल रही हैं दावों की पोल
फोटो-4
तीन सवारी, फिर भी मिला पेट्रोल
जलालपुर के यादव फिलिंग स्टेशन पर सुबह 11:30 बजे एक स्कूटी पर सवार तीन युवकों को बिना हेलमेट पेट्रोल दिया गया।
फोटो-5
बैनर के सामने ही आदेश तार-तार
अवध फिलिंग स्टेशन, रामगढ़ रोड पर नो हेलमेट, नो फ्यूल का बैनर लगा था, फिर भी कर्मचारियों के द्वारा ही नियम तोड़ा गया।
फोटो-6
उधार हेलमेट से निभाया नियम
मेहरोत्रा पेट्रोल पंप अकबरपुर बिना हेलमेट के पेट्रोल नहीं दिया गया तो कुछ बाइक सवार दूसरे का हेलमेट उधार लेकर पेट्रोल भरवाते नजर आए।
अब होगी कार्रवाई
सभी पेट्रोल पंपों पर नोटिस चस्पा किए जा चुके हैं। नियमों की अनदेखी करने वाले पंप ऑपरेटरों पर पूर्ति विभाग के माध्यम से कार्रवाई की जाएगी और बिना हेलमेट चालकों का चालान भी किया जाएगा।
सतेंद्र कुमार, एआरटीओ