फोटो 11, अंबेडकरनगर के राजेसुल्तानपुर में इस बैंक शाखा में आधारकार्ड बनाने का कार्य बंद होने से ना?
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
राजेसुलतानपुर। बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की शाखा गिरैया बाजार में आधार कार्ड बनाने का कार्य बंद होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सबसे ज्यादा मुश्किल छात्र-छात्राओं को हो रही है। आधार कार्ड न बन पाने या त्रुटि दूर न होने के चलते वे छात्रवृत्ति के लिए आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। नागरिकों ने जिला प्रशासन से अविलंब जरूरी व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आधार बनाने का कार्य शुरू न किया गया तो मुश्किलें और बढ़ जाएंगी।
बताते चलें कि बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की शाखा गिरैया बाजार में बैंक के अंदर ही आधार सेंटर चला कर नए आधार कार्ड बनाने व मोबाइल नंबर जोड़ने व संशोधन का कार्य किया जा रहा था। पिछले करीब एक माह से आधार सेंटर बंद चल रहा है। इससे संबंधित क्षेत्र के लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। छात्रा प्रतिमा, शिवानी, छात्र राकेश, मनीष व विमलेश ने बताया कि 10 दिन से लगातार आधार में नाम व जन्म तिथि सही कराने के लिए बैंक में बने आधार सेंटर पर आ रहा हूं।
यहां आने पर यह पता चलता है कि अभी आधार सेंटर बंद चल रहा है। इससे काफी कठिनाइयां झेलनी पड़ रही है। छात्रा शिल्पी, कविता, रोशनी व छात्र प्रदीप, उत्कर्ष, अमन, राकेश, उज्ज्वल ने बताया कि विद्यालयों में आधार कार्ड पर मोबाइल नंबर फीड होना आवश्यक बताया गया है, लेकिन आधार कार्ड सेंटर बंद होने के कारण मोबाइल नंबर आधार कार्ड पर फीड नहीं कराया जा सका है। इससे काफी समस्याएं उठानी पड़ रही है। शाखा प्रबंधक डीपी मौर्य ने बताया कि कुछ तकनीकी दिक्कतों के चलते आधार सेंटर बंद किया गया है। जल्द ही इसे शुरू कराया जाएगा। इसके लिए प्रयास चल रहा है। (संवाद)