अंबेडकरनगर। होली के त्योहार को लेकर अभी से यात्रियों की भीड़ बढ़ने लगी है। ज्यादा भीड़ बढ़ने पर रोडवेज त्योहार के चार से छह दिन पहले अतिरिक्त बसें चलाएगा। वहीं स्पेशल ट्रेन के लिए अभी कोई नए निर्देश नहीं आए हैं। ट्रेनों में रिजर्वेशन वेटिंग में हैं और सामान्य श्रेणी में भी भीड़ ज्यादा देखने को मिल रही है।
दिल्ली, मुंबई, लुधियाना, हावड़ा, अंबाला, जोधपुर और अहमदाबाद को जाने वाली ट्रेनों में 160-200 के बीच वेटिंग चल रही है। इसके अलावा अन्य ट्रेनों में भी टिकट कन्फर्म नहीं हो पा रहा है। ऐसे में लोगों को घर लौटने के लिए रोडवेज बसों का ही सहारा है। ऐसे में डिपो से लखनऊ, दिल्ली, आजमगढ़ और अन्य रूटों पर यात्रियों की संख्या बढ़ने पर अतिरिक्त बसें चलेंगी।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक हरिओम श्रीवास्तव ने बताया कि यात्रियों की संख्या के अनुसार अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि ट्रेनों में अभी वेटिंग चल रही है।
तीन रोडवेज कर्मचारी होंगे सम्मानित
महाकुंभ के दौरान सबसे अधिक किलोमीटर तय करने वाले कर्मचारियों को क्षेत्रीय प्रबंधक विमल राजन सम्मानित करेंगे। इसका लाभ दो चालक संविदा और एक परिचालक नियमित को मिलेगा। इसके अलावा दस हजार की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाएगी।
30 चालक व 20 परिचालक अवकाश पर
महाकुंभ में लगातार अपनी सेवा देने वाले 30 चालक व परिचालक अवकाश पर हैं। दरअसल 45 दिनों तक महाकुंभ के दौरान किसी को अवकाश नहीं दिया गया था। इसलिए जब वह ड्यूटी से लौटे तो उनको घर जाने के लिए अवकाश दे दिया गया।