महरुआ। थाना क्षेत्र के राजापुर में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला आदमपुर तिंदौली की टीम ने अपने नाम कर लिया। बेहतर प्रदर्शन के लिए अंकित सिंह को मैन ऑफ द मैच व मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार दिया गया। वक्ताओं ने खिलाड़ियों के प्रयासों की सराहना की। कहा कि इसी तरह का प्रदर्शन आगे भी जारी रखना होगा।
थाना क्षेत्र के राजापुर में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला गुरुवार को आदमपुर तिंदौली व सुल्तानपुर टीम के बीच खेला गया। सुल्तानपुर की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। निर्धारित 20 ओवर में 172 रनों का स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी आदमपुर तिंदौली की टीम ने 17 ओवर में 173 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। कप्तान अभिषेक रघुवंशी ने 15 गेदों में 35 रन बनाए।
सुभाष, विकास चौबे व जितेंद्र ने दो-दो विकेट अपने नाम किए। टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले अंकित सिंह को मैन ऑफ द मैच तथा मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार दिया गया। अंकित ने 230 रन बनाने के साथ पांच विकेट भी लिए। अतिथियों ने खिलाड़ियों के प्रयासों की सराहना की। कहा कि खेल से न सिर्फ संघर्ष की प्रेरणा मिलती है, वरन शारीरिक व मानसिक लाभ भी तय होता है। आयोजन मंडल ने बाद में विजेता एवं उपविजेता टीम को पुरस्कृत कर सम्मानित भी किया।