अंबेडकरनगर कलेक्ट्रेट के पास धरने पर बैठे भाकियू कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला
विभिन्न मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन भानू गुट का कलेक्ट्रेट के निकट चल रहा बेमियादी धरना सोमवार को भी जारी रहा। कहा गया कि जब तक उनकी मांगों का निस्तारण नहीं हो जाता, तब तक धरना चलता रहेगा।
धरने की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष हजारीलाल ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार लगातार किसानों की अनदेखी कर रही है। किसानों के उत्थान के लिए वादे तो बढ़-चढ़कर किए जाते हैं लेकिन उसे पूरा करने को ठोस कदम नहीं उठाया जाता।
नतीजतन इसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। कहा कि ज्यादातर किसानों का गन्ना अभी भी खेतों में खड़ा है। पर्ची न मिलने से वे गन्ने की बिक्री नहीं कर सके। अब उनके सामने क्रेशरों पर औने-पौने दामों पर गन्ना बेचने की मजबूरी बन गई है।
वक्ताओं ने कहा कि गांवों में तालाबों की भूमि पर कब्जा किया जा रहा है। इसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों से की गई लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा सका। कहा कि टांडा स्थित एक केरोसिन डिपो में लंबे समय से घटतौली की जा रही है।
शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। तय किया गया कि जब तक उनकी मांगों का निस्तारण नहीं हो जाता तब तक धरना जारी रहेगा। इस दौरान फूलबदन वर्मा, श्यामबिहारी, रईस, केशवराम वर्मा, सावित्री, मुमताज, अशोक सिंह, भूपेंद्र सिंह, अंकित सिंह, स्वामीनाथ तिवारी व रामजनम वर्मा आदि मौजूद रहे।