अंबेडकरनगर। शासन ने सोशल मीडिया पर होने वाले धार्मिक कमेंट को लेकर एडवायजरी जारी की है। इसमें कहा गया है कि अयोध्या, मंदिर-मस्जिद या फिर सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने को लेकर कोई भी पोस्ट सोशल मीडिया पर डालने वालों की खैर नहीं होगी।
सार्वजनिक कार्यक्रम, राजनीतिक, धार्मिक, सामाजिक रैलियां, वॉल पेंटिंग, जलसे और जुलूस का भी आयोजन बिना अनुमति के नहीं होगा। पूरे जिले में धारा 144 लागू है। ऐसे में जो निर्देशों का उल्लंघन करेगा उसके विरुद्घ कड़ी कार्रवाई होगी। ये बातें गुरुवार को एसडीएम भरतलाल सरोज व सीओ जगदीश लाल ने विभिन्न राजनीतिक पार्टियों, अधिवक्ताओं व सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ आयोजित बैठक में कहीं।
अधिकारियों ने कहा कि सभी को शांति व सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करना होगा। ऐसे लोगों के बारे में जानकारी मुहैया करानी होगी, जो अशांति फैलाने का प्रयास कर रहे हों। इस मौके पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष दशरथ यादव, महामंत्री सुरेश कनौजिया, अधिवक्ता अशोक मिश्र, सुनीत द्विवेदी, दिनेश सिंह, मिथिलेश शुक्ल, ग्राम प्रधान मंतराम यादव, आद्या पाल आदि मौजूद रहे। उधर खंड विकास अधिकारी मोहम्मद आरिफ ने ग्राम सचिवों के साथ बैठक की। इसमें उन्हें गांवों में जाकर ग्रामीणों को आपसी सौहार्द बनाए रखने की सलाह देने को कहा गया।