अंबेडकरनगर। नए साल के स्वागत के जश्न में खलल डालने वाले और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है।
नववर्ष की पूर्व संध्या पर शराब पीकर वाहन चलाना करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर ने स्पष्ट किया है कि जश्न के नाम पर सड़कों पर अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शहर के सभी तिराहों और एंट्री पाॅइंट्स पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की जांच की जाएगी। विशेष रूप से ब्रेथ एनालाइजर के साथ पुलिस की टीमें तैनात रहेंगी। यदि कोई चालक शराब के नशे में पाया जाता है, तो उसका न केवल भारी चालान काटा जाएगा, बल्कि वाहन को जब्त कर चालक का लाइसेंस भी रद्द करने की सिफारिश की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे जश्न के दौरान जिम्मेदार बनें। यदि आप शराब का सेवन करते हैं, तो खुद गाड़ी चलाने के बजाय टैक्सी का उपयोग करें या किसी ऐसे मित्र को साथ रखें जिसने नशा न किया हो।
होटल और पार्टी स्थल के लिए एडवाइजरी
पुलिस ने शहर के सभी होटलों, रेस्टोरेंट्स, क्लबों और वेंकट हॉल संचालकों के लिए भी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सभी आयोजन स्थलों पर सीसी कैमरों का चालू होना अनिवार्य है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी पार्टी स्थलों के आसपास तैनात रहेंगे।
दूसरों के लिए न बनें खतरा
नए साल क का स्वागत हर्षोल्लास के साथ करें, लेकिन दूसरों की सुरक्षा को खतरे में डालकर नहीं। हुड़दंग करने वालों और नशे में गाड़ी चलाने वालों खासकर ड्रिंक एंड ड्राइव पर विशेष नजर रखी जाएगी। शहर के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
हरेंद्र कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक