अंबेडकरनगर। पशु आश्रय केंद्र रतना की साफ-सफाई में लापरवाही बरतने व पशुओं को रोस्टर के अनुसार चारा न दिए जाने के मामले में डीएम की संस्तुति पर डीपीआरओ ने तीन सफाई कर्मियों को निलंबित कर दिया। कहा गया कि पशु आश्रय केंद्रों पर साफ-सफाई में लापरवाही बरतने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। यदि जांच में इस प्रकार की लापरवाही सामने आई, तो कार्रवाई की जाएगी।
बीते 29 दिसंबर को एसडीएम जलालपुर धीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने भियांव विकास खण्ड के पशु आश्रय केंद्र रतना का औचक निरीक्षण किया था। मौके पर रोस्टर के अनुसार पशुओं को चारा देने के लिए ड्यूटी पर लगाए गए सफाइकर्मी राजितराम मौके पर नहीं मिला। इस संबंध में जानकारी हासिल की गई, तो उसका कुछ पता नहीं चला। इसके अलावा केंद्र परिसर में चारों तरफ गंदगी फैली हुई थी। जगह जगह कूड़ा करकट का ढेर लगा हुआ था।
पता करने पर बताया गया कि सफाईकर्मी जगलाल व संदीप कुमार कभी कभार ही साफ सफाई के लिए आते हैं। एसडीएम ने इसे कार्य में लापरवाही पाते हुए तीनों सफाईकर्मी के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई करने के लिए डीपीआरओ रामअशीष चौधरी को पत्र भेजा। जिलाधकारी राकेश कुमार मिश्र की संस्तुति पर डीपीआरओ ने तीनों सफाई कर्मियों को निलंबित कर दिया।