शिकायतकर्ता ने लगाया फर्जीवाड़े का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबेडकरनगर। अपर सीएमओ पर नौकरी के नाम पर ठगी के आरोपों की शिकायत की जांच शुरू हो गई है। हालांकि जिस व्यक्ति के नाम पर शिकायत हुई है उसने ऐसी कोई शिकायत करने से इन्कार कर दिया है। माना जा रहा है कि संबंधित व्यक्ति के नाम का इस्तेमाल कर कुछ अन्य लोगों ने फर्जीवाड़ा किया है। उन पर जल्द ही नकेल कस सकती है।
गत दिवस अपर सीएमओ डॉ. रामानंद सिद्धार्थ के खिलाफ शासन में बेचन सिंह नाम से एक शिकायती पत्र दिया गया। इसमें कहा गया कि नौकरी के नाम पर एसीएमओ ने दो लाख रुपये ले लिए हैं। अब पैसा वापस मांगने पर एफआईआर की धमकी दी जा रही है। प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री संजय प्रसाद ने इस पर जांच का निर्देश दिया। यह पूरा प्रकरण इस बीच जिला प्रशासन के संज्ञान में आया तो डीएम अविनाश सिंह ने फौरन जांच कमेटी गठित कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
स्वास्थ्य विभाग ने आरोपों व पत्र की जांच के लिए दो सदस्यीय टीम का गठन करते हुए सोमवार तक रिपोर्ट देने का आदेश दिया है। इस बीच बेचन सिंह ने सामने आकर कहा है कि वह अंबेडकरनगर का निवासी ही नहीं है। फर्जी ढंग से उसे अकबरपुर का दिखाकर शिकायत की गई है। मैंने न तो नौकरी के लिए आवेदन किया था और न ही मुझे इस तरह की कोई शिकायत है। बताया कि मैं अपने बीमार पिता का इलाज करा रहा हूं। मेरा नाम अनावश्यक ढंग से लिया गया है। एसीएमओ डॉ. रामानंद ने कहा कि संबंधित पत्र पूरी तरह फर्जी है। मेरी किसी व्यक्ति से इस संदर्भ में कभी कोई बात नहीं हुई।