अंबेडकरनगर। दो दिन पहले अकबरपुर कोतवाली पुलिस की हिरासत से भागे अपहरण के आरोपी ने सोमवार सुबह जहर खा लिया। उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर में भर्ती कराया गया है।
इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के परशुरामपुर निवासी युवक धर्मेंद्र के खिलाफ बीते दिनों अकबरपुर कोतवाली में युवती के अपहरण का मुकदमा दर्ज हुआ था। इसी मामले में उसे शनिवार को गिरफ्तार कर कोतवाली लाया गया। वहां से वह चकमा देकर फरार हो गया था। कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम उसकी तलाश में जुटी थी। अब सोमवार को उसने गांव के निकट जहर खा लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। इस पर उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। आरोपी के निकट परिजन के अलावा किसी को जाने नहीं दिया जा रहा है। उधर युवक के परिजनों का आरोप है कि कोतवाली पुलिस ने जब उसे गत दिवस पकड़ा था तो निर्मम पिटाई की थी। परिवार की महिला सदस्यों का उत्पीड़न किया था। इसी को लेकर युवक आहत था। (संवाद)