भीटी (अंबेडकरनगर)। किशोरी को दूसरे समुदाय के युवक द्वारा बहला-फुसलाकर साथ लेकर चले जाने का मुकदमा पुलिस ने दर्ज किया है। परिजनों ने लव जिहाद के नाम पर किशोरी को गुमराह करने का आरोप लगाया है। उधर, इसी थाने में मारपीट के दो अन्य मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
भीटी थाने में तहरीर देकर 17 वर्षीय किशोरी के पिता ने पुलिस को बताया कि वह रविवार को चाट की दुकान लगाने भीटी बाजार गया था। इसी बीच शाम छह बजे वनगांव निवासी दिलशाद ने उसकी पुत्री को बहला-फुसलाकर साथ लेकर चला गया। आरोप है कि दिलशाद किशोरियों व युवतियों को इसी तरह बरगलाता है और खरीद फरोख्त करता है। आरोप लगाया कि किशोरी अपने साथ 20 हजार रुपये नकद व जेवर भी लेकर गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
भीटी के जमौलीगंज निवासी कमरजहां ने तहरीर में कहा कि गत दिवस गांव निवासी सुरजीत, रामजीत व कांति ने उनकी व पुत्र आजाद की पिटाई कर दी। उधर, गजैनपुर निवासी अमरजीत वर्मा ने तहरीर देकर कहा कि बीते दिनों वह शाम को खेत से लौट रहे थे, तभी रामशकल के पालतू कुत्ते ने उसे दौड़ा लिया। उन्होंने कुत्ते को भगाया तो इसे लेकर रामशकल, पत्नी संगीता व पुत्री शिखा ने घर में घुसकर मारपीट की। सामान भी तोड़ दिया। पुलिस ने इन दोनों मामलों में भी केस दर्ज कर लिया है।