अंबेडकरनगर। अहिरौली थाना क्षेत्र के खेमापुर मोड़ के पास सोमवार सुबह तेज रफ्तार पिकअप नेे बाइक सवार युवक को चपेट में ले लिया। जिला अस्पताल में प्रारंभिक इलाज के बाद उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। उधर, अन्य सड़क हादसों में पांच लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
अयोध्या के गोसाईगंज निवासी अनिल कुमार (35) पुत्र रामअजोर सोमवार सुबह बाइक से अकबरपुर आ रहा था। जब वह अहिरौली थाना क्षेत्र के खेमापुर मोड़ के पास पहुंचे तो उधर से गुजर रही तेज रफ्तार पिकअप ने उसे चपेट में ले लिया। इससे उसे गंभीर चोटें आईं। स्थानीय इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां हालत की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। भीटी थाना क्षेत्र के सूर्यगढ़ निवासी रीता देवी (42) पत्नी रामू सोमवार सुबह घर के पास सड़क पार कर रही थी। उधर से गुजर रही बाइक ने उसे टक्कर मार दी। इससे उसे गंभीर चोटें आईं। स्थानीय इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
बेवाना थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर निवासी धीरज (22) पुत्र राजितराम रविवार देर शाम बाइक से बेवाना से घर जाते समय गांव के पास ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर लगने से घायल हो गया। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के बहलोलपुर गांव निवासी सुनीता (40) पत्नी रामधारी सोमवार सुबह उस समय बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गई, जब वह घर के पास सड़क पार कर रही थी। जलालपुर थाना क्षेत्र के फरीदपुर गांव निवासी विनय (24) पुत्र संतराम सोमवार सुबह बाइक से जलालपुर जाते समय नगर के पास बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया। सम्मनपुर थाना क्षेत्र के रुस्तमपुर गांव निवासी हरिश्चंद्र (41) पुत्र बाबूलाल रविवार देर शाम बाइक से सम्मनपुर से घर जाते समय गांव के पास जीप की टक्कर लगने से घायल हो गया। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।