जलालपुर। मालीपुर थाना क्षेत्र के कादीपुर गांव स्थित हाईटेंशन तार से निकली चिंगारी ने एक साधु की छप्परनुमा कुटिया को जलाकर राख कर दिया। इसमें रखा खाद्यान्न व अन्य सामान जलकर पूरी तरह से नष्ट हो गए। हल्ला गुहार पर पहुंचे ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन हाइटेंशन तार के चलते सफलता नहीं मिल सकी। बाद में आपूर्ति बंद कराकर आग पर काबू पाया गया।
मामला मालीपुर थाना क्षेत्र के कादीपुर गांव का है। बताया जाता है कि गांव स्थित एक साधु की छप्परनुमा कुटिया है। छप्पर के बगल से ही हाईटेंशन तार गुजरा हुआ है। बताया जाता है कि सोमवार मध्य रात्रि हाईटेंशन तार से अचानक चिंगारी निकलनी शुरू हो गई। कुटिया पर चिंगारी गिरने से उसमें आग लग गई। बगल स्थित एक दूसरे छप्पर में सो रहे साधु सरजूदीन दास कुछ समझ पाते तब तक आग ने पूरे छप्पर को अपनी आगोश में ले लिया और धू धू कर जलने लगा। हल्ला गुहार पर पहुंचे ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन छप्पर के ठीक ऊपर से हाईटेंशन तार गुजरा हुआ है, जिसमें बिजली होने के चलते आग पर काबू नहीं पाया जा सका। बाद में पॉवर कॉर्पोरेशन के अधिकारियों को मामले की जानकारी देकर आपूर्ति बंद कराया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक न सिर्फ छप्पर वरन उसमें रखा खाद्यान्न व अन्य सामान जलकर राख हो चुके थे। आग में छप्पर जल जाने से साधु के समक्ष विभिन्न प्रकार की मुश्किलें खड़ी हो गई हैं। (संवाद)