अंबेडकरनगर। अलग-अलग थानाक्षेत्रों में हुए हादसों में वृद्ध व युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, अन्य हादसों में चार लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद एक व्यक्ति को लखनऊ रेफर कर दिया गया।
अकबरपुर कोतवाली अन्तर्गत श्रीनाथपुर गांव निवासी राजेश (18) पुत्र देवराज रविवार देर शाम बाइक से अकबरपुर से घर लौट रहा था। बताया जाता है कि जब वह मौहरिया खानपुर गांव के निकट पहुंचा तो अज्ञात वाहन ने उसे चपेट में ले लिया। इससेे उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद चालक वाहन लेकर भाग खड़ा हुआ। सांस चलने की उम्मीद में स्थानीय नागरिक उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उधर, अकबरपुर टांडा मार्ग पर टांडा नगर के निकट ट्रक ने बाइक सवार वृद्ध को रौंद दिया। टांडा कोतवाली अन्तर्गत बुधिपुर गांव निवासी मुखराज (62) सोमवार सुबह बाइक से अकबरपुर जा रहा था। बताया जाता है कि जब वह टांडा अकबरपुर हाइवे पर पहुंचा तो इसी बीच उधर से गुजर रही ट्रक ने उसे रौंद दिया। इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सांस चलने की उम्मीद में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर, अहिरौली थाना अन्तर्गत खेमापुर निवासी जगराम (62) पुत्र मेवालाल सोमवार सुबह घर के निकट सड़क पार कर रहा था। इसी बीच उधर से गुजर रहे जीप ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। इससे उसे गंभीर चोटें आईं। स्थानीय इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया।
अकबरपुर कोतवाली अन्तर्गत विजयगांव निवासी नरसिंह (22) पुत्र जयराम सोमवार सुबह बाइक से अकबरपुर जा रहा था। नगर के निकट बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया। पड़ोसी जनपद आजमगढ़ के मेहराजपुर गांव निवासी अनिल कश्यप (26) पुत्र नन्हें व अनिल यादव (26) पुत्र हरिश्चंद्र रविवार देर शाम एक ही बाइक से टांडा स्थित एक सीमेंट फैक्ट्री में काम कर घर जा रहे थे। नगर के बाहर निकलने पर अचानक सड़क पर आए सांड़ से दोनों टकरा गए। इससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।