अंबेडकरनगर। बेवाना थाना अन्तर्गत बहलोलपुर गांव के निकट ट्रिपलिंग में अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
जिला अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार पड़ोसी जनपद सुल्तानपुर के दोस्तपुर थाना अन्तर्गत नई बाजार निवासी नबी (22) पुत्र शुबराती, अलीमुल्लाह (23) पुत्र मकसूद तथा समन (19) पुत्र मंजूर आलम मंगलवार देर शाम एक ही बाइक से अकबरपुर से घर जा रहे थे। जब वे बेवाना थाना अन्तर्गत बहलोलपुर गांव के निकट पहुंचे, तो इसी बीच उधर से गुजर रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। इससे तीनों को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद जब तक आसपास के नागरिक मौके पर पहुंचते, तब तक चालक वाहन लेकर भाग खड़ा हुआ।
गंभीर रूप से घायल होकर बेसुध हो चुके तीनों घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने नबी को मृत घोषित कर दिया, जबकि अलीमुल्लाह व समन की हालत की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। इस बीच सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।